बैरिया। सुदिष्ट बाबा की समाधि स्थल पर लगा धनुष यज्ञ मेला शबाब पर है और रोजाना हजारों की भीड़ जुट रही है। मेले में किचन से लेकर स्नानगृह व श्रृंगार तक के दैनिक उपयोग से संबंधित सामानों की खूब खरीदारी की जा रही है। सुदिष्ट बाबा की समाधि स्थल पर लगा धनुष यज्ञ मेला जैसे-जैसे शबाब पर पहुंच रहा है वैसे-वैसे मेलार्थियों का हुजूम भी उमड़ रहा है। ठंड के मौसम में भी लोग पहले सुदिष्ट बाबा की समाधि पर माथा टेकने के बाद जम कर मेला का आनंद उठा रहे हैं। धनुष यज्ञ मेला में द्वाबा क्षेत्र के अलावा बिहार के सारण, भोजपुर व आरा के लोग पहुंचते हैं। बिहार के लोगों द्वारा मेला में जमकर सामानों की खरीदारी की जाती है। मेलार्थी जरूरी सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं युवा पीढ़ी नववर्ष को लेकर ग्रीटिंग कार्ड व अन्य उपहार सामग्री को खरीद रहे हैं। हाथों पर मेहंदी की कारीगरी करने वाले भी युवतियों को अपनी दुकानों पर आने के लिए विवश कर रहे हैं। महिलाएं घर गृहस्थी से संबंधित सामानों की खूब खरीदारी कर रहे हैं। जलेबी से लेकर फ़ास्ट फूड की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।