बेल्थरारोड। उप जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने गुरुवार की शाम पुलिस बल की मौजूदगी में नगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान नगर के मुख्य सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटाया गया। बेल्थरारोड में मुख्य सड़क की पटरियों पर अवैध अतिक्रमण से होने वाले जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसके तहत एसडीएम के निर्देश पर सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटवाया। एसडीएम जैन ने उभांव इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह के साथ चरण सिंह त्रिमूहानी से रेलवे चौराहे तक मुख्य सड़क पर भ्रमण किया तथा कुछ स्थानों से अतिक्रमण हटवाया, साथ ही मार्ग में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को स्वत: कब्जा हटाने की हिदायत दी गई। एसडीएम ने कहा कि सड़क की पटरियों से अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।