बलिया। भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जैनेंद्र पांडेय मिंटू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुंवर सिंह चौराहा पंजाब नेशनल बैंक के सामने नीरव मोदी का पुतला फूंक कर विरोध जताया। श्री पांडेय ने कहा कि गरीबों का पैसा लूटकर विदेश भागने वाले नीरव को केंद्र सरकार जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पैसा वापस लाए। कहा कि देश की जनता के टैक्स का पैसा और गाढ़ी कमाई उद्योगपतियों को उपहार में देने के लिए नहीं है। बैंकों की ओर से आए दिन किसानों, मजदूरों व आम जनता को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। सागर सिंह राहुल ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री की ओर से चौकीदार बनने का दावा किया जाता है तो दूसरी ओर बैंकों का धन डकार कर विजय माल्या, ललित मोदी, नीरव मोदी जैसे लोग देश छोड़कर भाग जा रहे हैं। इस मौके पर रविंद्र कुमार, परशुराम यादव, दुर्गेश सिंह, सिंटू यादव, संजय कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, मो. नौशाद अंसारी, चंदन गुप्ता, धीरज यादव, अखिलेश चौबे, विकास गुप्ता, अजहर अली आदि थे।