बैरिया। नगर पंचायत बैरिया के कस्बा अंतर्गत डेरा पर शुक्रवार की देररात दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हाथापाई के बाद मारपीट हो गई। इसी दौरान किसी पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने से मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंचे बैरिया थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने किसी तरह मामले को शांत कराया। शुक्रवार की देरशाम करीब साढ़े नौ बजे नगर पंचायत बैरिया के अध्यक्ष पद के निर्दल प्रत्याशी पूनम सिंह व भाजपा प्रत्याशी शांति देवी के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते-देखते उनके बीच पहले हाथापाई हुई फिर मारपीट होने लगी। इसी बीच हवाई फायरिंग भी की गई। थानाध्यक्ष की तहरीर पर बैरिया डेरा निवासी विनोद सिंह व दूसरे पक्ष के बीवी टोला निवासी राकेश वर्मा व कुछ अज्ञात के विरुद्ध अपराध संख्या 676/17 धारा 147, 323, 336 व सात सीएल एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।