रतसर। कस्बा के पूरनराम जी साव का 56वां महावीरी झंडा जुलूस रविवार को देर शाम सकुशल संपन्न हो गया। जुलूस पूरनराम जी साव के हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार, गांधी आश्रम चौराहा, सरस्वती भवन, पंचायत भवन, हास्पिटल मार्ग होते हुए देर सायंकाल हनुमान मंदिर पहुंचा। इस दौरान हनुमान जी की झांकी की भव्यता देखने के लिए सड़क की दोनों तरफ भक्तों की भारी भीड़ जमी रही। जुलूस को सकुशल संपन्न कराने में कई थानों की फोर्स के साथ ही पीएसी के जवान मुस्तैदी से डटे रहे। जुलूस को लेकर प्रशासन काफी सतर्क दिखा। हाल ही में कस्बा में हुए बवाल के बाद कोई अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस के उच्चाधिकारी इस जुलूस को लेकर पल पल की जानकारी अपने मातहतों से लेते रहे। जुलूस को सकुशल संपन्न कराने में अंजनी गुप्ता, सुनील जी, पवन गुप्ता, आनंद गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, मनोज गुप्ता, विनय बाला, सिद्धिविनायक, पंकज आदि का सहयोग सराहनीय रहा।