बलिया। लाकडाउन का तीसरा चरण 48घंटे में समाप्त होने को है,लेकिन प्रवासी श्रमिकों का जिले में आने का कारंवा थमने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रेन के साथ-साथ रोडवेज की बसों के माध्यम से आने वाले मजदूरों की तादाद में निरंतर बढ़ोततरी दर्ज की जा रही है। हालांकि जिला प्रशासन की तत्परता से बाहर से आने वाले कामगारों को चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत होम क्वारंटीन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश के गाजीपुर, बहराइच, बलरामपुर, लखनऊ, सिदार्थनगर, मिर्जापुर, शाहगंज, गोंडा, उरई, कन्नौज, बस्ती, मेरठ, इटावा, अमेठी, गाजियाबाद, सुल्तानपुर आदि जिलों से रोडवेज की 57 बसों से करीब 1137 प्रवासी मजदूर पहुंचे, जिनमें करीब 41 श्रमिक बिहार प्रांत के विभिन्न जिलों के रहने वाले थे। रोडवेज बस अड्डा परिसर में तैनात मोबाइल मेडिकल यूनिट ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करने के उपरांत आगंतुको रोडवेज बसों की मदद से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। इस बाबत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व कोविड-19 के नोडल अधिकारी विपिन जैन ने बताया कि जो श्रमिक पहले से क्वारंटीन होकर आए थे, उनकी रैडम सैपलिंग कराकर उन्हें होम क्वारंटीन कराया जा रहा है।