नगरा। थाना क्षेत्र में हरे फलदार पेड़ो की अवैध कटाई जोरो से जारी है। सूचना देने पर भी पुलिस मौन साध ले रही है। वहीं, वन विभाग के अफसर फोन नही रिसीव कर रहे है। जिले के आला अफसर चुनाव में व्यस्त है। पुलिस अवैध कार्यो में मस्त है । नगरा थाना क्षेत्र के इमलिशिया गांव में एक सप्ताह से गॉव से पूरब बाग में हरे पेड़ की कटाई चल रही थी । यह बाग थाना से ढाई किलोमीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग के पास है । हरे पेड़ों की कटाई देख सच्चाई जानने अमर उजाला टीम गयी तो हैरान हो गयी। पेड़ काटने वालो के पास वन विभाग का कटान हेतु कोई आदेश नही था । बाग में आधे दर्जन आम , महुआ व नीम आदि के हरे पेड़ कट चुके थे । शुक्रवार की शाम को एक ट्राली पर कटे पेड़ की लकड़ी लदी थी। दूसरे ट्राली पर पेड़ काटने वाले मजदूर लकड़ी लाद रहे थे। बाग में भारी मात्रा में कटी लकड़ी पड़ी हुई थी। इसकी जानकारी जब नगरा थाने के थानाध्यक्ष को दी गयी तो उन्होंने कहा कि पुलिस को भेज रहा हूं किन्तु काफी देर तक किसी पुलिसकर्मी ने वहां दस्तक नही दी। इसके बाद वन विभाग को सूचना देने हेतु फोन किया गया पर उधर से कोई रिस्पांस नहीं मिला । अंधेरा होते ही दोनों ट्रैक्टर ट्राली लकड़ी लेकर चली गयी। इस संबंध में क्षेत्रीय वन अधिकारी बेल्थरा रोड व्यास सिंह ने बताया कि इमिलिशिया गांव में कट रहे बाग में हरे पेड़ो की जानकारी नहीं है पेड़ काटे गए है तो उसकी जांच कराएंगे। कटी हुई लकड़ी कहां गयी है उसका भी पता लगाकर दोषियों पर कार्यवाही की जाएगी।