बलिया। बोर्ड परीक्षा के कापियों का मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं से अपील व रुपये भी मिल रहे हैं। नंबर के लिए परीक्षार्थियों ने कई तरह के हथकंडे अपनाए हैं। कुंवर सिंह इंटर कॉलेज पर इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के समय सोमवार को एक परीक्षक को परीक्षार्थी का भावुक अपील मिला। परीक्षार्थी ने उत्तर पुस्तिका के एक पेज पर लिखा था कि एक बार फेल हो चुका हूं, दोबारा नहीं होना चाहता। सर प्लीज आप अपना बेटा समझकर अच्छे नंबरों से पास कर दीजिएगा। काफी परेशानियों से मेरे मां-बाप मुझे पढ़ा रहे हैं। एक अन्य उत्तर पुस्तिका में परीक्षार्थी ने लिखा था कि जय माता दी, माता रानी पास जरूर करना है, इज्जत का सवाल है। मेरी मम्मी चाहती हैं कि मैं आर्मी में भर्ती हो जाऊं। यह भी लिखा था कि मेरी मम्मी जेल में है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में एक उत्तर पुस्तिका पर परीक्षार्थी ने लिखा कि गुरुजी नंबर देने की कृपा करें, आपके हाथ में ही सबकुछ है। परीक्षार्थी ने यह भी लिखा था कि मेरे स्कूल के मास्टर महाखराब थे। इस केंद्र पर गणित की एक उत्तर पुस्तिका में परीक्षार्थी ने 100 रुपये लगा कर परीक्षक को रिझाने की कोशिश की। हालांकि परीक्षक खुल कर कुछ भी बताने से बचते रहे।