बलिया। संयुक्त मदरसा प्रबंधक संघ एवं मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक संघ की बैठक चंद्रशेखर उद्यान में गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षकों का 35 माह का मानदेय केंद्रांश भुगतान कराने की मांग की गई। संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पत्रक में कहा गया है कि 35 माह का वेतन भुगतान अतिशीघ्र किया जाए। मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षकों का सेवा नियमावली बनाई जाए। भारत सरकार द्वारा निर्धारित किए गए केंद्र व राज्य के 60-40 के अंश को उप्र सरकार के कैबिनेट से मंजूूरी दिलाई जाए। वहीं बकाया मानदेय न होने की दशा में समस्त मदरसा अध्यापक शिक्षण कार्य एवं परीक्षा ड्यूटी का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर मदरसा शिक्षकों ने मानदेय भुगतान न होने की दशा में विकास भवन परिसर तथा डीएम कार्यालय में भीख मांगकर विरोध प्रदर्शन किया। बैठक में मुख्य रुप से प्रदेश अध्यक्ष जुबेर सोनू, इशरार अहमद, रेहान खान, मो. शमसतबरेज, मुबारक अली, सबाना परवीन, अतिकुर्रहमान, जुनैद अहमद, फरीद खां, अशरफ, एजाज, जमील, अहमद फारूखी आदि मौजूद रहे।