बेल्थरारोड। तहसील सभागार में सोमवार को फसल ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें 200 किसानों को ऋण मोचन प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि सरयू प्रसाद कनौजिया ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए कटिबद्ध है। किसानों के हितों के लिए सरकार ने कई योजनाओं का सूत्रपात कर इतिहास रचने काम किया है। किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाने से उनके होठों पर मुस्कान तैर रही है। कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को अमलीजामा बनाने की कवायद जारी है। विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाने से बहुत जल्द विकास की तस्वीर दिखाई देने लगेगी। इस मौके पर तहसीलदार यशवंतराव, सत्य प्रकाश सिंह, तेजनारायण आदि मौजूद रहे।