बलिया। वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा के दौरान जिले में हुई पेपर लिक की घटना से सबक लेते हुए बोर्ड ने वर्ष 2023 की परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए कवायद शुरु कर दी है। इसके लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी करने के साथ ही जिले में डिबार विद्यालयों की सूची भी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराई है। ताकि कोई दागी विद्यालय परीक्षा केंद्र न बन पाएं। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने सख्त निर्देश भी दिया।
यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ला की ओर से जारी आदेश में प्रदेश के कुल 342 स्कूलों को डिबार किया गया है। इसमें जिले के 11 स्कूल शामिल हैं। इसमें पिछले साल अंग्रेजी का पर्चा आउट करने के आरोपी चार विद्यालयों के अलावा इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं बरामद होने वाला एक विद्यालय भी है। इसके अलावा, छह ऐसे स्कूल भी हैं, जिन्हें संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ और डीआईओएस की संस्तुति पर डिबार किया गया है। सूची में पांच विद्यालय ऐसे है, जिन्हें सदैव के लिए डिबार किया गया है। इनमें वह चार स्कूल भी शामिल है, जिन पर पर्चा आउट करने का आरोप वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा के दौरान लगा था। एक विद्यालय को शासन डिबार किया गया है।
डीआईओएस रमेश कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड की परीक्षा के लिए जिले के 214 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। दावे-आपत्तियां ली गई हैं। जल्द ही आपत्तियों का निवारण कर उसे शासन को भेज दिया जाएगा। अब डिबार केंद्र तय हो जाने के बाद परीक्षा केंद्र बनाए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
इन स्कूलों को किया गया है डिबार
श्री लंगटू बाबा इंटर कॉलेज, हंडिया कला, बलिया
इंटर कॉलेज, परानपुर, बलिया
श्री पचेव देवी राजमुनि देवी इंटर कॉलेज, बिगही बहुआरा, बलिया
डीएस मेमोरियल इंटर कॉलेज सोहवल,रतसर, बलिया
कमला राज इंटर कॉलेज, गौवापार, बलिया
लीलावती देवी उमा विद्यालय, बाहरपुर,भीमपुरा नं.-1, बलिया
वीरांगना लक्ष्मीबाई उमा विद्यालय, ढ़ेकवारी, नगरा, बलिया
महराजी देवी स्मारण इंटर कॉलेज, किडिहरापुर, बलिया
मां लचिया मूरत यादव उमा विद्यालय, पशुहारी, बलिया
डीआरआर उमा विद्यालय, अवराई खुर्द, बलिया
जय जगदीश इंटर कॉलेज, निपनिया, बलिया