नगरा। यूपी बोर्ड द्वारा संचालित 10वीं की परीक्षा बदले पैटर्न पर होगी। परीक्षार्थियों को बहुविल्कपीय प्रश्नोत्तर के लिए ओएमआर शीट दिए जाएंगे। 70 नंबर के प्रश्न पत्र में 50 नंबर के प्रश्न वर्णात्मक प्रकार के होंगे। 20 नंबर के प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे जिसका जबाब ओएमआर शीट पर देना होगा।
ओएमआर भरने में एक गलती हुई तो 20 नंबर कट जाएंगे। क्योंकि ओएमआर का मूल्यांकन स्कैनिंग मशीन व कंप्यूटर से होगा। ऐसे में ओएमआर पर भरा जाने वाला विवरण गलत होने पर उसका मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल के निर्देशानुसार वर्ष 2022-23 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रत्येक विषय के प्रश्न पत्र में 20 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर अंकित किया जाएगा। इसके लिए 2021-22 में कक्षा 9वीं की परीक्षा में ओएमआर शीट पर परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। ओएमआर शीट पर प्रश्नोत्तर किस प्रकार से अंकित किए जाएंगे, इस बाबत हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में उपयोग में आने वाली ओएमआर शीट का नमूना एवं इसे भरे जाने हेतु निर्देश परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।