सिकंदरपुर। विद्युत उपकेंद्र सिकंदरपुर के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण तीन दिनों से तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांव अंधेरे में है। सरकार का निर्देश है कि रोस्टर के हिसाब से प्रत्येक गांव में बिजली की सप्लाई सुनिश्चित कराना है लेकिन कर्मचारी फाल्ट की समस्या को दरकिनार कर चीर निद्रा में सो रहे हैं। विगत चार दिनों से संविदाकर्मियों की हड़ताल के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। तहसील अंतर्गत भटवाचक, लीलकर, बाराडीह, कथवलिया, मिर्जापुर सहित दर्जनों गांवों में अंधेरा छाया हुआ है। बावजूद इसके, कोई कर्मचारी फाल्ट जोड़ने के लिए तैयार नहीं है। उधर, नवानगर ब्लाक मुख्यालय की भी बिजली तीन दिनों से ठप है। बिजली के अभाव में क्षेत्र की जनता परेशान है।