बलिया। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि 27 अक्टूबर को बलिया में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के स्मृति में युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में पूरे पूर्वांचल से नौजवान प्रतिनिधि भाग लेंगे। शहर के एक निजी होटल में बुधवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि देश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। देश के उत्थान में युवाओं की भूमिका अत्यंत आवश्यक है। युवा चेतना द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में युवाओं की दशा-दिशा के अलावा गाँव, ग़रीब, किसान और मजदूरों की स्थिति पर चर्चा होगा। श्री सिंह ने कहा कि सम्मेलन में युवाओं को जयप्रकाश नारायण के विचारों और सिद्धांतों के बारे में और सम्पूर्ण क्रांति के आंदोलन के बारे में राष्ट्रीय विचारक और चिंतकों द्वारा विस्तार से बताया जाएगा। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने बताया कि इस सम्मेलन में देश की 65 फ़ीसदी युवा आबादी के सर्वाँगिण विकास हेतु राष्ट्रीय स्तर पर युवा आयोग के गठन, बेरोजगारी भत्ता दिलवाने हेतु भी चर्चा किया जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि सम्मेलन में 1000 से ज्यादा प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जनपद के लिए यह एक ऐतिहासिक सम्मेलन होगा।