सहतवार। लगातार हो रही बारिश के कारण घाघरा के जल स्तर में वृद्धि शुरू हो गई है, जिसकी वजह से घाघरा के तटीय इलाकाई लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखती नजर आ रही हैं। घाघरा नदी में एक सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से जल बढ़ोतरी हो रही है। घाघरा नदी के बढ़ाव से दियरा भागर, चकबिलियम, चीतबिसाव कला, चांदपुर, रेगहा, सुराह आदि गांव के लोग अभी से सहमे नजर आ रहे हैं। घाघरा का पानी परवल के खेतों सहित झाड़-झंखाड़ वाले स्थानों पर पहुंचना शुरू हो गया है। दियारे में परवल की खेती करने वाले किसान परमल यादव, जयनाथ यादव का कहना है कि जिस तरह से घाघरा का जल स्तर बढ़ रहा है और आगे भी इसी रफ्तार से जारी रहा तो परवल की खेती नष्ट हो जाएगी, जिससे हम किसानों का बड़ा नुकसान हो जाएगा। इसके अलावा दियारा क्षेत्र में मड़ई डाले लोग अपने उसे उजाड़ सुरक्षित स्थान की ओर जाना शुरू कर दिये हैं।