बहराइच। फखरपुर थाना क्षेत्र के अवस्थीपुरवा निवासी एक युवक का शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला। परिवारवालों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। फखरपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तिंगाई के मजरा अवस्थी पुरवा निवासी सर्वेश बाजपेई ने आरोप लगाया कि उनके बड़े भाई मुकेश बाजपेई की ससुरालवालों ने हत्या कर शव रेलवे पटरी के किनारे फेंक दिया।
सर्वेश ने आरोप लगाया कि मुकेश होली पर घर नहीं आया था। फोन करने पर मुकेश ने काम का हवाला देकर घर आने से इंकार कर दिया था, लेकिन वह गोंडा के करनैलगंज स्थित ससुराल गया था। सर्वेश ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को मुकेश का फोन आया था कि उसे ससुराल वालों ने बांध रखा है मारपीट कर रहे हैं। शुक्रवार को रेलवे पटरी के किनारे उसका शव पड़ा मिला। सर्वेश ने आरोप लगाया की ससुरालवालों ने उसके भाई की हत्या कर शव फेंक दिया है। उसने करनैलगंज थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।