पयागपुर/बाबागंज(बहराइच)। विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिलोरा बासु निवासी प्रदीप कुमार कश्यप (22) शनिवार को गांव निवासी संतोष कुमार (21) के साथ बाइक से श्रावस्ती के गिलौला में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पयागपुर थाना क्षेत्र में खुटेहना-हुजूरपुर मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर जमुई नाला पुल की रेलिंग से टकरा गई। दोनों गड्ढे में जा गिरे। रात होने के चलते दोनों काफी देर तक गड्ढे में पड़े रहे।
कुछ देर बाद हादसे की जानकारी होने ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची खुटेहना चौकी पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। संतोष का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सिर पर चोट दिख रही थी। वहीं, रुपईडीहा थाना क्षेत्र में टेंट का सामान लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से चार लोग घायल हो गए।
बाबागंज चौकी प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि प्रह्लादा गांव निवासी मनोज कुमार टेंट का सामान लाद कर अमवा जा रहा था। रुपईडीहा-नानपारा मार्ग पर रमेश चंद्र इंटर कॉलेज के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अनुज कुमार, दिनेश कुमार, गुड्डू व मनोज कुमार चोटिल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।