बहराइच। घर के कमरे में विवाहिता का शव दुपट्टे से संदिग्ध हालत में फंदे पर लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रानीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गूपुर निवासी कलामू की पत्नी फूलबानो (25) का शव बृहस्पतिवार रात को घर के कमरे में फंदे पर लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। वहीं सूचना पाकर मृतका के मायके पयागपुर के कोल्हवा गांव से आए भाई मुश्ताक ने बताया कि उसने अपनी बहन की शादी कलामू से 13 मई 2023 में की थी। शादी को अभी एक साल पूरा नहीं हुआ है। पति मुंबई में रहकर काम करता है। आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बहन को ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज के चलते मारपीट कर फंदे पर लटका दिया। ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देने की बात कही है। पिता की मौत हो चुकी है। एक भाई पांच बहन थे। मौत से मां मीना बेगम सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। रानीपुर थानाध्यक्ष आरती वर्मा ने बताया कि पति मुंबई में काम करता है। अगर मायके वाले कोई तहरीर देते हैं तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।