शिवपुर/खैरीघाट(बहराइच)। खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज बाजार निवासी कुसुमा मंगलवार की सुबह कूड़ा फेंकने घर से निकली थी। इस दौरान सांड ने उनके ऊपर हमला कर दिया। सांड़ ने महिला को तब तक पटका जब तक उनकी मौत नही हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के इमामगंज बाजार निवासी कुसुमा देवी (35) उर्फ गायत्री मंगलवार की सुबह घर में झाड़ूलगा रही थीं। झाड़ू लगाने के बाद वह जैसे ही घर के बाहर कूड़ा फेंकने निकलीं, पहले से मौजूद सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक सांड़ ने महिला को कई बार पटका, जिससे उनका सिर फट गया। शोर सुन पहुंचे परिजनों ने लाठी फटकार कर सांड़ को भगाया और कुसुमा को सीएचसी नानपारा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। बेटी जस्मीन (18) और बेटे समद (13) का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों को मिलता है चार लाख मुवाजा
डीएम मोनिका रानी ने बताया कि निराश्रित जानवर के हमले में मौत होने पर मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये दिए जाते हैं। एसडीएम नानपारा को मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के लिए निर्देशित किया है। इसके बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।