उर्रा(बहराइच)। मोतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक पति अपनी पत्नी के लिए हैवान बन गया। दोनों के बीच हुए आपसी विवाद में पति ने अपना आपा खो दिया और पत्नी की जमकर पिटाई की। वहीं पति का इतने से मन नहीं भरा, उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और शव को घर के बाहर नाली खाेदकर दबा दिया। शनिवार की सुबह हुई बारिश से शव के ऊपर की मिट्टी हटी तो ग्रामीणों को हत्या की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के पिता की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है। हत्या के बाद से गांव में हड़कंप मचा है।मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उर्रा के मजरा कबेलपुर में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव की एक नाली में महिला के पैर दिखाई पड़े, वहीं शरीर का अन्य भाग मिट्टी से ढका रहा। शव मिलने की सूचना पूरे गांव में फैल गयी और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी जालिमनगर और मोतीपुर थाने को दी। सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने मिट्टी हटवा कर शव को बाहर निकाला। शव की पहचान शर्मावती (32) पत्नी प्रदीप बोट के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि प्रदीप शराब का आदी है और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। वहीं ग्रामीणों ने आशंका जाहिर की प्रदीप ने ही शर्मावती की हत्या का शव को नाली में दबा दिया। वहीं पुलिस टीम ने मृतका की पांच वर्षीय बेटी साधना से भी पूछताछ की। साधना ने शुक्रवार की रात पिता द्वारा मारपीट करने की बात बताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्या के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
हत्या की सूचना पर रोते बिलखते मौके पर पहुंचे कल्लूपुरवा निवासी शर्मावती के पिता प्रेमपाल ने दामाद प्रदीप पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है। प्रेमपाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 12 साल पहले की थी। बीते कई दिनों से प्रदीप उनकी बेटी शर्मावती से 20 हजार रुपए लाने के लिए कह रहा था। पैसा न दे पाने के चलते शुक्रवार की रात प्रदीप ने शर्मावती के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि उसके शरीर पर चोट के कई निशान हैं।
पिता प्रेमपाल की तहरीर पर दामाद प्रदीप के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गयी है।
पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी ग्रामीण