बहराइच। दहेज और प्रेमिका को पाने की चाहत ने एक युवक को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर यातनाएं दीं। इससे जब उसका मन नहीं भरा तो पत्नी के पैर में दांत से काट लिया। यही नहीं पत्नी को तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से धक्के मार कर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस ने पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामगांव थाना क्षेत्र के सोहरवा निवासी इकरा का निकाह दो वर्ष पूर्व कोतवाली नगर के चांदपुरा निवासी नईम से हुआ था। इकरा का आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति और उसके परिजन ने पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग की। जिस पर उसके परिजनों ने मना कर दिया। जिसके बाद से उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। इसी बीच नईम दूसरी लड़की के संपर्क में आ गया। जब विरोध किया तो जमकर पीटा और तलाक देकर घर से भगा दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मुस्लिम विवाह अधिनियम समेत अन्य मामलों में केस दर्ज किया है। दोषियों को सख्त सजा दिलवाई जाएगी।
- सौरभ सिंह, नगर कोतवाल