बहराइच मेडिकल काॅलेज में भर्ती कन्हैया लाल गौतम। -संवाद
बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र निवासी एक युवक को भाई से विवाद के बाद पुलिस पकड़ ले गई थी। जहां आरोप है कि पूरी रात पुलिस उसे थने में बैठाए रही और पिटाई की। इससे नाराज युवक ने शनिवार की सुबह थाने से निकलने के बाद ब्लेड से अपना गला रेत लिया। युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया हैै।
दरगाह थाना क्षेत्र के मोहल्ला फ्रीगंज निवासी कन्हैया लाल गौतम (23) का शुक्रवार की शाम उसके बड़े भाई से विवाद हो गया था। कन्हैया ने आरोप लगाते हुए बताया कि भाई के खिलाफ तहरीर देने के लिए वह दरगाह थाना गया था। जहां पुलिस ने उसी को पकड़ लिया और रात भर थाने पर बिठाए रही। कन्हैया ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान एक सिपाही ने उसे स्मैकिया कहते हुए उसकी पिटाई भी की।
सुबह पुलिस द्वारा छोड़े जाने पर कन्हैया ने ब्लेड से अपना गला रेत लिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज जारी है। एसओ हरेंद्र मिश्रा का कहना है कि युवक नशे का आदी है। इसकी शिकायत पर डायल 112 उसे लाई थी। जिसे समझाने के बाद छोड़ दिया गया था। (संवाद)