फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: खुद के आशियाने पर हथौड़ा चला रहे ग्रामीण

Sat, 12 Aug 2023 12:04 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
शिवपुर विकास खंड क्षेत्र में कटान कर रही घाघरा नदी के कारण अपने मकान तोड़ते ग्रामीण।
विज्ञापन
सरयू नदी में छह मकान समाहित, 13 कटान के मुहाने पर
विज्ञापन

बाढ़ का पानी घटते ही तेज हुई कटान, कटान पीड़ितों का पलायन शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच/खैरीघाट। बाढ़ का पानी कम होते ही सरयू नदी ने कटान शुरू कर दी है। शुक्रवार को छह ग्रामीणों के मकान नदी की लहरों में समा गए। 13 ग्रामीणों के मकान कटान के मुहाने पर हैं। ग्रामीण अपने मकानों को तोड़कर पलायन कर रहे हैं। खून-पसीना बहाकर बनाए गए आशियानों पर ग्रामीण स्वयं अपने हाथों से हथौड़ा चला रहे हैं। दूसरी तरफ गांवों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम होने लगा है। हालांकि पीड़ितों की समस्याएं अभी कम नहीं हुई हैं।
बाढ़ का पानी कम होने पर शिवपुर ब्लाॅक क्षेत्र के अंबरपुर ग्राम पंचायत के मजरा पसियन पुरवा में सरयू नदी ने कटान तेज कर दी है। शुक्रवार को गांव निवासी संभारी, दिनेश, नानमून, चंद्रसेन के पक्के मकान, शिवरानी तथा मीरा देवी के मकान कटान की भेंट चढ़ गए। बेघर हुए लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। वे पलायन कर सुरक्षित स्थान की तलाश कर रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से कटान पीड़ितों को जो त्रिपाल उपलब्ध कराया है वह नाकाफी है। परिषदीय स्कूलो में भी पानी भर गया है। क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप कुमार ने बताया कि छह ग्रामीणों के मकान सरयू नदी में कट गए हैं। कटान पीड़ितों को त्रिपाल दे दिया गया है। जल्द ही मुआवजा भी मिल जाएगा।
विज्ञापन

इनसेट
बाढ़ की चपेट में हैं ये गांव
तीन दिन बाद बाढ़ पीड़ितों के घरों से पानी कम होने लगा है। हालांकि बाढ़ पीड़ितों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। पानी जहां पर ज्यादा है वहां पीड़ितों तक कोई प्रशासनिक मदद नहीं मिल सकी है। मिहीपुरवा तहसील क्षेत्र के ग्राम आंबा, विशुनापुर, वर्दिया, जंगल गुलरिहा, सुजौली, चहलवा, मंझरा, गिरगिट्टी, सोमईगौढ़ी गांव बाढ़ के पानी से जलमग्न हैं। इसके अलावा नानपारा तहसील क्षेत्र के पतरहिया, तकिया, सरैया, पाठक पुरवा, अरनवा, पिपरिया, नेवादा पूरे कस्बाती, सोहबतिया, डल्लापूरवा, नरोत्तमपुर, खैराकला, ढकिया, गैल, एकघरा बाजपुरवा, जोधीपुरवा, पंडित पुरवा पिपरिया, सैय्यद नगर, गुजराती पुरवा, बेलामकन, पाठक पुरवा, चौकसाहार भी बाढ़ की चपेट में हैं। इसके अलावा महसी तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत मांझा दरिया बुर्द, केवल पुर, लीला पुरवा, बकैना,चकदहा, मुड़खलिया, पारा, गौरिया, डिहुआ, कोठार, धनावा, रामसहाय पुरवा, किशुन बगिया, बांस गढ़ी, बहदुरिया, गरेठी गुरुदत्त सिंह, पचदेवरी, चुरईपुरवा, बहदुरिया, धनावा, मैकूपुरवा, केवलपुर, खालेपुरवा, गरेठी आदि गांव भी बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं कई विद्यालयों में पानी भरे होने से शिक्षण कार्य बाधित है।



45 बाढ़ चाैकियां सक्रिय
बहराइच। अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सागर ने बताया कि जिले की चार तहसीलों कैसरगंज, महसी, नानपारा एवं मिहींपुरवा में कोई भी गांव बाढ़ से प्रभावित नहीं है। बाढ़ से निपटने के लिए 45 बाढ़ चौकियां स्थापित हैं। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 45 मेडिकल टीमों का गठन किया गया है। अब तक 3,980 क्लोरीन टैबलेट व 559 ओआरएस का वितरण किया गया है तथा पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के लिए 05 क्विंटल भूसा का वितरण किया गया है। तहसील महसी के अंतर्गत ग्राम मॉझादरियाबुर्द में आवागमन की सुविधा के लिए तीन नाव लगाई गई हैं। संवाद

-
मछुआरों को मिलेगा पक्का आवास

बहराइच। सहायक निदेशक मत्स्य डाॅ. जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि बेघर और कच्चे मकान में रह रहे लोगों को मछुआ आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। आवास का क्षेत्रफल 25 वर्ग मी. होगा, जिसमें रसोईघर के लिए भी स्थान चिन्हित होगा। आवास की इकाई लागत रू. 1.20 लाख होगी। आवास हेतु अनुदान की धनराशि सीधे लाभार्थी के खाते में 03 किश्तों में अंतरित की जाएगी । प्रथम किश्त सामान्य क्षेत्रों में 40 हजार, द्वितीय किश्त 70 हजार तथा तृतीय किश्त 10 हजार की होगी। संवाद
विज्ञापन



खतरे के निशान से 39 सेंटीमीटर ऊपर घाघरा
जरवलरोड। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है। शुक्रवार को दोपहर बाद से जलस्तर घटने लगा है। शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे जलस्तर खतरे निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 106.466 मीटर रिकार्ड किया गया। जल मापक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि नदी का जलस्तर कम होने लगा है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें