मिहींपुरवा के राजापुर गिरंट गांव में पिंजरा लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
मिहींपुरवा। कतर्नियाघाट के मोतीपुर रेंज के गांवों में तेंदुए के हमलों से ग्रामीणों में दहशत है। एक वृद्धा पर हमले और सात वर्षीय बालक की मौत के बाद रविवार को राजापुर गिरंट में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और गश्त बढ़ाने की मांग की। एक सप्ताह पहले राजापुर गिरंट में 81 वर्षीय वृद्धा तेंदुए के हमले में घायल हुईं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। शुक्रवार को भवनियापुर के चमारनपुरवा में सात वर्षीय सूरज की तेंदुए के हमले से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ लगातार आबादी के आसपास दिख रहा है। लोग शाम होते ही घरों में कैद हो जाते हैं। बच्चों को स्कूल भेजने और खेतों में काम करने से परिवार चिंतित हैं। ग्रामीणों ने पर्याप्त गश्त न होने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई न होने पर आक्रोश बढ़ेगा।