नवाबगंज के रामनगर गुलरिया में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
नवाबगंज(बहराइच)। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामनगर गुलहरिया में कूड़ाघर निर्माण के लिए आबादी की जमीन चिह्नित की गई है। इसको लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल परशुराम, सहजराम गौतम, वेद प्रकाश आदि ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव में कुछ जमीन आबादी की पड़ी है। इस पर 40 वर्षों से हम सभी का कब्जा है और इसका इस्तेमाल विभिन्न कार्यों के लिए किया जाता है। गांव में घूर-गड्ढे की जमीन पड़ी होने के बाद भी ग्राम प्रधान नरेंद्र वर्मा ने साजिशन आबादी की जमीन को चिह्नित किया है। कूड़ाघर बनने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा रहेगा। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री व एसडीएम नानपारा से शिकायत की गई है।