बहराइच। सौतेले भाई द्वारा तीन बार दुष्कर्म करने के मामले में न्याय न मिल पाने से क्षुब्ध होकर 15 वर्षीय बालिका ने दो बार आत्महत्या का प्रयास किया। पीड़िता को साथ लेकर बाल कल्याण समिति न्यायपीठ के सामने पेश हुईं पीड़िता की मौसी ने इस बाबत प्रार्थनापत्र देकर इसकी जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष सतीश कुमार श्रीवास्तव ने इसकी सूचना डीजीपी, आईजी व पुलिस उपमहानिरीक्षक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन उत्तर प्रदेश लखनऊ को भेजी है। सीडब्ल्यूसी की ओर से पुलिस के उच्चाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र न्याय दिलाया जाए और गलत तरीके से जिन पुलिसकर्मियों ने अवैधानिक रूप से मुकदमे में आरोप पत्र की जगह फाइनल रिपोर्ट लगाया है उसके विवेचक व पर्यवेक्षक अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। इस मामले में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट की रूलिंग के अनुसार दुष्कर्म पीड़िता द्वारा न्यायालय के सामने दिए गए बयान को शीर्ष साक्ष्य माना गया है, लेकिन विवेचक ने इस नियम का भी अनुपालन नहीं किया।