मिहींपुरवा(बहराइच)। भारत-नेपाल सीमा पर भारी मात्रा में यूरिया खाद की तस्करी हो रही है। तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर यूरिया की तस्करी कर नेपाल पहुंचाते हैं और दो से तीन गुना अधिक दाम कमाते हैं। गुरुवार को पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे खाद बरामद कर केस दर्ज कराया गया है जबकि दो आरोपी मौके से भाग निकले भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बलई गांव के पास तस्करी कर नेपाल ले जा रहे पांच यूरिया तस्करों को बृहस्पतिवार को पकड़ कर पुलिस को सौंपा गया है।
जिला कृषि अधिकारी सतीश पांडे ने बताया कि यूरिया तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी जिस पर एसएसबी की टीम के साथ सुबह छापामारी की गई। बॉर्डर क्षेत्र में बलई गांव के पास सात साइकिल सवार यूरिया लेकर नेपाल की ओर जाते दिखे। इस पर एसएसबी ने उन्हें दौड़ाया तो दो तस्कर भागने में सफल रहे। लेकिन पांच लोगों को एसएसबी की टीम ने मौके से ही पकड़कर गिरफ्तार कर लिया। टीम ने पांच तस्करों के साथ ही सात साइकिल और 20 बोरी यूरिया बरामद की है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाना मोतीपुर के बलई गांव निवासी रमेश, रंजीत कुमार, लक्ष्मण, राजेश , राम प्रसाद के रूप में हुई है। , जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी मोनिका रानी के अनुमोदन के बाद थाना मोतीपुर में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है। इनके पास से बरामद साइकिल व यूरिया को मोतीपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानो से अपील की है कि वह अपनी जरूरत भर की यूरिया खरीदें। ज्यादा खरीदारी कर स्टॉक ना लगाएं । गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसएसबी के उप निरीक्षक प्रशांत चौधरी, मुख्य आरक्षी आवमी चंद आदि शामिल रहे।