बहराइच। थाना क्षेत्र सुजौली के नौकापुरवा गांव निवासी राजकुमार का दो वर्षीय बेटा अभिनंदन शनिवार की शाम खेलते समय पानी भरे गड्ढे में डूब गया। जब तक उसे बाहर निकाला जाता, उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नौकापुरवा के मौजा जंगलगुलरिहा निवासी अभिनंदन के पिता राजकुमार ने बताया कि वह घर के बाहर खेल रहा था। तभी घर के पास बने गड्ढे में पैर फिसलने से गिर गया। उसमें बाढ़ का पानी भरा हुआ था। काफी देर बीतने के बाद उसके न दिखने पर खोजबीन के दौरान उसका शव गड्ढे में उतराता मिला।
वह दो भाइयों में छोटा था। पिता खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उसकी मौत से मां सीमादेवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना पाकर क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे। सुजौली थानाध्यक्ष हरीश सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पानी में डूबकर मासूम की मौत हुई है।