क्रासर - रिसिया निवासी महिला के शरीर पर चोट के निशान, परिजनों का हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। रिसिया थाना क्षेत्र निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे महिला के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र निवासी एक महिला का भी संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से शव लटकता मिला।
रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भक्तापुरवा निवासी शाकरुन बेगम (42) की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने पति व ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने आए मृतका के भाई रज्जन ने आरोप लगाते हुए बताया कि ससुरालीजन सोमवार की रात फांसी लगा कर मौत होना बता रहे हैं। जबकि हम लोगों को मंगलवार की सुबह सूचना दी गई। जब हम लोग पहुंचे तो बहन का शव जमीन पर पड़ा मिला। वहीं उसके शरीर पर चोट के निशान थे। गले पर किसी भारी चीज से दबाने का निशान बना हुआ है। भाई ने बताया कि पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी गई है। गले पर लग रहा किसी चीज से दबाया गया है। थाना प्रभारी शैलेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करेंगे।
वहीं विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत लक्खारामपुर निवासी उपमा पांडेय(28) की मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने महिला की हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अनुज त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फारेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करेंगे।