बहराइच। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज के बेड़े में दो नई बसें बढ़ी हैं। इनका संचालन कानपुर के लिए शुरू किया गया है। बहराइच डिपो में इस समय 93 बसों का संचालन हो रहा है। ये बसें दिल्ली, जयपुर, आगरा, कानपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, प्रयागराज, लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर, बरेली समेत अन्य कई जगहों के लिए चलती हैं। रूपईडीहा डिपो से 28 बसों का संचालन हो रहा है जो लंबी दूरी के रूट पर चलती हैं।
बीते दिनों दो नई बसें बहराइच डिपो को मिली थी। इन बसों का संचालन बहराइच से दिल्ली के बीच होना था। पर फिलहाल इन बसों को रूपईडीहा से कानपुर व महसी इलाके के बेहड़ा से कानपुर के लिए चलाया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कानपुर रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होने से इन बसों को लगाया गया है।
इन दो बसों के चलने से नेपाल बार्डर से लेकर महसी इलाके में ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी इसका फायदा हो रहा है। सुबह व शाम चलने वाली इन बसों से लोग आसानी से कानपुर व लखनऊ का सफर कर लेते है।
बहराइच डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि दोनों बसों को कानपुर रूट पर संचालित किया जा रहा है। आगे अगर दिल्ली रूट पर जरूरत हुई तो बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा।