मिहींपुरवा (बहराइच)। नेपाल सीमा पर शनिवार रात गश्त के दौरान एसएसबी के जवानों ने 2.74 लाख भारतीय मुद्रा के साथ नेपाल के दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पूछताछ में बरामद रुपयों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। अवैध लेनदेन की आशंका के चलते में एसएसबी ने दोनों व्यक्तियों को सीमा शुल्क कार्यालय के सुपुर्द कर दिया। एसएसबी की 59वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट गौतम शर्मा ने बताया कि शनिवार रात गश्त के दौरान पिलर संख्या 663/1 के पास दो संदिग्ध व्यक्ति नेपाल से भारत की ओर आते दिखे। उन्हें जवानों ने घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से दो लाख 74000 भारतीय रुपये बरामद हुए। संदिग्धों की पहचान नेपाल के कालीकोट निवासी विरेंद्र हमल व सुरेंद्र बाम के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने बरामद रुपये के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी। इस पर उन्हें मिहींपुरवा स्थित सीमा शुल्क कार्यालय के सुपुर्द कर दिया गया।