रुपईडीहा (बहराइच)। वाहन व भैंस चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को सीतापुरवा गांव की तरफ जाने वाले मोड़ मनवरिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पांच चोरी की बाइकें व नकदी बरामद हुईं। वहीं अन्य दो सदस्यों की पुलिस तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर भारत-नेपाल सीमा स्थित सीतापुरवा गांव मनवरिया के पास से टीम ने वाहन व भैंस चोर गिरोह के दो सदस्यों सीतापुरवा निवासी अब्दुल सलाम, गंगापुर जैतापुर निवासी विनोद उर्फ बिंदा को पकड़ लिया। चोरों ने पूछताछ में बताया कि बीते दिनों क्षेत्र में भैंस व दो पहिया वाहन को चुराया था। जिसे 41 हजार रुपये में नेपाल में बेच दिया था। अपने साथियों के साथ मिलकर दिन में रेकी कर रात को भैंस चुरा लेते हैं। पुलिस को उनके पास से 4100 रुपये बरामद हुए। वहीं उनकी निशानदेही पर निबिया तालाब के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास मिट्टी के ढेर में छुपा कर रखी चोरी की चार बाइकों को भी बरामद किया।
पकड़े गए सलाम पर गोवध, वन्यजीव, पशु क्रूरता सहित सात मामले दर्ज हैं। वहीं, विनोद पर दो केस दर्ज हैं। पुलिस उनके अन्य दो साथियों बाराबंकी जैदपुर टैरा निवासी मुजम्मिल उर्फ खुर्शीद और फरीद की तलाश कर रही है।