नानपारा(बहराइच)। कोतवाली क्षेत्र के नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार एंबुलेंस ने स्कूटी सवार स्वास्थ्य कर्मियों को टक्कर मार दी। दोनों स्वास्थ्य कर्मी उछल कर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से सीएचसी नानपारा पहुंचाया जहां से दोनों मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। नानपारा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने बताया कि दोनों के सिर में गंभीर चोट आई है। नानपारा निवासी अक्षय उपाध्याय (29) व अनामिका (24) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चर्दा में कार्यरत हैं।
रविवार सुबह दोनों स्कूटी से ड्यूटी के लिए सीएचसी, चर्दा जा रहे थे। इसी दौरान सुबह लगभग साढ़े आठ बजे नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर हांडा बसहरी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों कर्मी काफी ऊपर उछलकर नीचे गिरे। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।