खैरीघाट/महसी (बहराइच)। हरदी थाना क्षेत्र में भेड़ियों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार की देर रात भेड़िये ने पल्लवी (3) और मानसी (10) पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। हमले के बाद से ग्रामीणों में काफी दहशत है।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पूरे दिलदार सिंह के मजरा नकाही निवासी पल्लवी (3) बुधवार की रात मां अंजू देवी के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इस दौरान उसपर भेड़िये ने हमला कर दिया। भेड़िये ने उसे सिर से दबोच कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान पल्लवी की चीख सुन मां अंजू की आंख खुल गई और वो भेड़िये से भिड़ गईं। जिसके बाद वह उसे छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। पल्ल्वी के सिर व गले में गंभीर घाव आने पर उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी मे जाया गया।
वही, भेड़िये ने ग्राम पंचायत पूरे बस्ती गड़रिया के मजरा जंगलपुरवा निवासी मानसी (10) पर भी सोते समय हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मानसी चीख पड़ी। उसकी चीख सुन परिजन जाग गए और उनके शोर मचाने से भेड़िया भाग गया। गंभीर रूप से घायल मानसी को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। हरदी थाना क्षेत्र में अचानक तेज हुए हमलों से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। लेकिन वन विभाग की टीम भेड़िया पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।
-कोट-
आठ टीमें लगीं
भेड़िये को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। इसके लिए लगीं आठ टीमें गन्ने व कछार की खाक छान रही हैं। जल्द ही भेड़िये को पकड़ लिया जाएगा।
- अजीत प्रताप सिंह, डीएफओ