महसी। बहराइच-सीतापुर हाईवे पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से सीतापुर के दो किसानों की मौत हो गई। दोनों किसान बाइक से धान का बीज लेने बहराइच आ रहे थे, तभी हादसा हो गया। दोनों की मौत की सूचना घर पहुंची तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सीतापुर के थानगांव इलाके के खरपत्तूपुरवा गांव निवासी किसान नारायण (50) और मंगरू (35) शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे धान का बीज लेने बहराइच की ओर आ रहे थे। हरदी थाना के रमवापुर खुर्द गांव के पास पहुंचते ही इनकी बाइक में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर लग गई। इससे दोनों किसान बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों किसानों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरवा भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मौके से भागे स्कार्पियो चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे में दम तोड़ने वाले किसानों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सिर में गंभीर चोटें लगने से दोनों की जान गई।
हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।- फोटो : हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।