अवध क्षेत्र में रविवार को विद्युत करंट की चपेट में आकर दो चचेरे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। दंपती समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। अमेठी में घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने शव को टांडा-बांदा हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एसडीओ समेत तीन कर्मचारियों पर केस दर्ज किया है।
रिसिया (बहराइच) थाना क्षेत्र के नरैनापुर गांव निवासी इस्तियाक (21) रविवार को नरैनापुर गांव में खेत की जुताई करने के लिए ट्रैक्टर से गया था। जिस खेत की जुताई करनी थी। वहां पर आठ मीटर ऊपर से हाईटेंशन तार लटक रहा था। जुताई करते समय ट्रैक्टर तार की चपेट में आ गया और उस पर सवार इस्तियाक की करंट लगने से मौत हो गई। पास के खेत में मौजूद चचेरा भाई (14) हामिद रजा बचाने के लिए दौड़ा तो उसकी भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
बच्चों के दादा मंगलू खां बचाने के लिए दौड़े तो उन्हें करंट से झटका लगा और वह दूर जाकर गिरे। जिससे वह झुलस गये। घटना की सूचना मिलते ही पूरा गांव उमड़ पड़ा। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही मानते हुए ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पर रिसिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत यादव दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।
अधीक्षण अभियंता बहराइच मुकेश बाबू ने कहा कि रिसिया में हुई घटना संज्ञान में आई है। नानपारा एक्सईएन को जांच सौंपी गई है। जांच में अगर कोई लापरवाही सामने आती है तो मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।
सपोर्टिंग तार में उतरा करंट
वहीं खैरीघाट थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर ग्राम पंचायत के नकहुआ गांव निवासी राममिलन (40) रविवार की सुबह खेत जा रहे थे। गांव निवासी झगरू के खेत के पास लगे विद्युत पोल के सपोर्टिंग तार में करंट उतर रहा था। उसी से सटा हुआ कटीला तार खेत के चारों तरफ लगा है। जिसमें भी करंट दौड़ गया था। खेत पार करते समय राम मिलन करंट की चपेट में आ गया। छुड़ाने गई पत्नी कमला देवी, पुत्री पूजा और आरती दौड़ीं और वह भी चपेट में आ गईं। इसी दौरान बिजली चली गई और चारों की जान बच गई।
आक्रोशित लोगों ने जाम किया हाईवे
गौरीगंज (अमेठी) में जौनपुर जिले के सुजानगंज का रहने वाला अर्जुन (20) वार्ड संख्या-16 नगरवा में रहता था। रविवार सुबह अर्जुन माइनर की पटरी से होकर कहीं जा रहा था। अचानक जमीन से महज चार फीट ऊपर लटक रहे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया लेकिन तब तक अर्जुन की मौत हो चुकी थी। सूचना के बावजूद प्रशासन व पावर कॉरपोरेशन के अफसरों के मौके पर नहीं पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने शव को टांडा-बांदा हाईवे स्थित मुसाफिरखाना तिराहे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि यह लाइन कई सालों से जमीन छू रही है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत भी की लेकिन तार नहीं कसा गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम गौरीगंज राकेश कुमार व सीओ जगदीश कुमार के समझाने का भी लोगों पर कोई असर नहीं हुआ। बाद में पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत प्रताप सिंह के समझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।
खेतों पर जाते समय गई जान
सलोन (रायबरेली) में कंडी गांव निवासी अनुज सिंह (18) पुत्र इंद्र बहादुर सिंह शनिवार रात अपने मित्र प्रभाकर पांडेय के साथ खेतों की रखवाली करने जा रहा था। रास्ते में ट्यूबवेेल के लिए हाईटेंशन लाइन निकली है। इसके तार बहुत ढीले हैं। अचानक अनुज तार के संपर्क आ गया। युवक की चीख सुनकर साथी प्रभाकर ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। दोनों युवकों को ग्रामीणों ने सीएचसी सलोन पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अनुज सिंह को मृत घोषित कर दिया।