नानपारा(बहराइच)। कोतवाली के नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर सोमवार की रात दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गयी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं बाइक पर पीछे बैठे दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नानपारा सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी, जिसके चलते उनके सिर में गंभीर चोट लगना घातक साबित हुआ।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के कसाई टोला निवासी कामिल (18) सोमवार की शाम किसी काम से रुपईडीहा की ओर से जा रहे थे। उनके साथ उनकी बाइक पर उनके साथी कसाई टोला निवासी सरफराज(30) व अल्ताफ(28) भी सवार थे। कामिल बाइक लेकर नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर हांडा बसहरी के पास पहुंचे ही थे, कि सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार सद्दीक मड़ईया निवासी राजू (28) की मोटरसाइकिल से उनकी टक्कर हो गई।
हादसा इतना जोरदार था, कि दोनों बाइकों पर सवार लोग उछल कर रोड पर गिरे और गंभीर रुप से घायल हो गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से कामिल व राजू की मौके पर ही मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनो घायलों सरफराज व अल्ताफ को सीएचसी में भर्ती करवाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल हेमंत कुमार गौड़ ने बताया अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
..........
जितेन्द्र दीक्षित