पयागपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के खुटेहना-गिलौला मार्ग पर रविवार की शाम दो बाइक सवार आमने-सामने टकरा गए। हादसे में गंभीर रुप से चोटिल दोनों बाइक सवारों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां एक बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के थवई निपुनिया निवासी लायकराम पांडेय (55) रविवार की शाम किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान गिलौला-खुटेहना मार्ग पर गिलौला के राजापुर खुद्र निवासी गोकुल पांडेय की बाइक से वह टकरा गए। आमने-सामने हुई इस टक्कर से दोनो बाइक सवार गंभीर रुप से चोटिल हो गए।
सूचना पर पहुंचे खुटेहना चौकी प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजवाया। जहां इलाज के दौरान लायकराम की मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।