बिछिया। मैलानी-नानपारा रेल प्रखंड पर बुधवार सुबह ट्रैक पर पेड़ गिरने से रेल यातायात करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा। मुर्तिहा और निशानगाड़ा स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेन संख्या 52261 करीब डेढ़ घंटे विलंबित हुई। इससे मैलानी की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिछिया रेलवे स्टेशन पर पूछताछ काउंटर पर यात्री जुटे रहे। इस दौरान पता चला कि मुर्तिहा-निशानगाड़ा के बीच रेल ट्रैक पर पेड़ गिर गया है। सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक से पेड़ हटाकर रेल मार्ग को बहाल किया। इसके बाद ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू हो सका। बिछिया रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुधांशु गिरी ने बताया कि मुर्तिहा-निशानगाड़ा रेलखंड के बीच ट्रैक पर पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग टीम को तत्काल भेजा गया। ट्रैक पूरी तरह साफ होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन सुरक्षित रूप से शुरू कराया गया।