चरदा। जमोग कस्बे में लगा 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर पिछले तीन दिनों से खराब है। ट्रांसफॉर्मर खराब होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पंखे, कूलर समेत अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। ग्रामीण रामू सोनी, हनुमान, शमशुद्दीन, राजबीर, भोला और राजा आदि ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने की सूचना कई बार संबंधित विद्युत अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।