मोतीपुर सीएचसी में भर्ती सड़क हादसे में घायल अयाज।
मिहींपुरवा। मिहींपुरवा-कुड़वा मार्ग पर बुधवार रात करीब नौ बजे कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग निकले। गुरगुटा गांव निवासी अयाज (18), राज खान (16) और सरफराज बाइक से मिहींपुरवा कस्बे में मित्र से मिलने आए थे। रात में तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। कुड़वा तिराहे की ओर जाते समय सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया। क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। वाहन का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होगी।