- बहराइच से वापस जा रहे थे तीनों, गंभीर रूप से चोटिल दोस्त ट्राॅमा सेंटर रेफर
- रामगांव थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेसी
बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र में बहराइच-नानपारा मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक दोस्त को मेडिकल काॅलेज ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। हादसे की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली नानपारा के ग्राम पंचायत कल्लन खान निवासी अरमान (24) आपने दो दोस्तों शोएब (25) व सेबू (26) के साथ किसी काम के सिलसिले में बाइक से बहराइच आया था। जहां से लौटते समय बहराइच-नानपारा मार्ग पर देर शाम रामगांव थाना क्षेत्र में झांसा बनवारी के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा दिया। जिसमें सेबू व शोएब की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को फोन कर गंभीर रूप से घायल अरमान को मेडिकल भेजवाया। जहां इमरजेसी में तैनात डॉक्टर ने उसे ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
हादसे की सूचना से मौके पर कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान मेडिकल काॅलेज में अफरा-तफरी का माहौल रहा। थाना प्रभारी शशि कुमार राणा ने बताया की मृतकों के शवों का पंचनामा भरा जा रहा है। हादसा करने वाले वाहन व उसके चालक का पता किया जा रहा है। बताया यह लोग बाइक पर बिना हेलमेट लगाए चल रहे थे। मौके पर पुलिस को हेलमेट नहीं मिला है।