-शहर में अस्पताल चौराहे के पास तीन, स्टीलगंज तालाब पर छह व नानपारा बाईपास पर तीन दुकानों में तोड़फोड़
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। महसी के महराजगंज में विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद शुरू हुआ उपद्रव व आगजनी की घटना रविवार पूरी रात जारी रही। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने शहर की एक दर्जन से अधिक दुकानों में तोड़फोड़ व आगजनी की। यही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात में तोड़फोड़ की गई।
शहर के अस्पताल चौराहे पर रेहुवा मंसूर निवासी रामगोपाल मिश्रा की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ रात लगभग 12 बजे उग्र हो गई। भीड़ ने अस्पताल चौराहे के पास स्थित नाई, टायर व एक किराना की दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान आग बुझाने पहुंचे दमकल वाहन पर भी पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंचीं एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ लाठी चार्ज कर लोगों को खदेड़ा। वहीं, लगभग इसी समय पीपल तिराहे के पास स्टीलगंज तालाब स्थित दुकानों पर भी आक्रोशित भीड़ ने धावा बोल दिया। भीड़ ने यहां एक बाइक में आग लगा दी, जिसकी आग एक कपड़े की दुकान में पहुंच गई। दुकान में रखा सामान जल गया। भीड़ ने चूड़ी, कपड़े की लगभग छह दुकानों को निशाना बनाया। दुकानों के शटर में तोड़फोड की। यही नहीं, आक्रोशित भीड़ का गुस्सा देर रात नए नानपारा बाईपास स्थित किराना समेत तीन दुकानों पर भी फूटा और यहां भी आगजनी व तोड़फोड़ की गई।
बेहड़ा में गुमटियां पलटीं, उखाड़े हरे झंडे शिवपुर। भीड़ का आक्रोश खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेहड़ा में भी देखने को मिला, जहां आक्रोशित भीड़ ने नाई की दुकान समेत तीन गुमटियों को पलट दिया और तोड़फोड़ की। यही नहीं, गुमटियों में आगजनी भी की।