श्रावस्ती। नेत्र रोगियों की पहचान अब उनके गांवों में ही होगी। साथ ही उन्हें प्राथमिक उपचार भी गांवों में ही मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए रेडक्रास सोसायटी व एक संस्था आगे आई है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से एडीएम ने हरी झंडी दिखा कर वैन को रवाना किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि यह वैन बहराइच के एक संस्था की ओर से संचालित की जा रही है। यह जिले की रेडक्रॉस शाखा को माह में 10 दिन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इस वैन में नेत्र समस्याओं की जांच की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही जरूरतमंदों को चश्मा व दवा भी निशुल्क प्रदान की जाएगी । वैन में वीडियो वाल के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के संदेश भी प्रसारित किए जाएंंगे। ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त हो सके। इस मौके पर रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन अरुण कुमार मिश्र, एसएसबी के निरीक्षक जियालाल, प्रभाकर मिश्र सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।