मोतीपुर(बहराइच)। थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत नारायण टांडा गांव में सोमवार की देर शाम को आए आंधी-तूफान ने सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। तेज आंधी ने कई कच्चे मकानों की छतों को उड़ा दिया, वहीं पेड़ों को भी नहीं बख्शा। आंधी के चलते क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।थाना क्षेत्र के नारायण टांडा गांव में बीते सोमवार को सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन देर शाम को अचानक मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया। लोग कुछ समझ पाते है, इसी दौरान शुरू हुई तेज आंधी तूफान में बदल गई। अचानक आए तूफान से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। लोग अपने घरों की तरफ भागकर जान बचाने में जुट गए। तेज तूफान ने गांव के आधा दर्जन कच्चे मकानों की छतों को उड़ा दिया।
तेज हवाओं से गांव में वर्षो पुराना लगा विशालकाय आम का वृक्ष बगल में बनें धीर सिंह के कच्चे मकान पर गिर गया। वहीं आंधी तूफान ने पिपरमिंट की टंकी व गांव के घरों में रखे अन्य सामानों और पेड़ों को भी काफी क्षति पंहुचाई। हालांकि कहीं कोई जनहानि नहीं हुई। धीर सिंह ने बताया कि बड़ा वृक्ष गिरने से उनके मकान का एक हिस्सा पूरी तरह धाराशाई हो गया है।
उस समय पूरा परिवार घर पर मौजूद था लेकिन किसी को कोई क्षति नहीं पंहुची। करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। आंधी के चलते क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।