बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र निवासी एक युवक को बीते दिनों इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। शनिवार की देर रात वह पानी लेने के लिए मेडिकल कॉलेज के बाहर निकला था। इसी दौरान उसे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दरगाह थाना क्षेत्र के छोटी तकिया निवासी आलम (25) को बीते दिनों कुछ परेशानी हो रही थी। उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया। आलम का इलाज शुरू हुआ और उसकी सेहत में सुधार था। शनिवार की रात वह पानी लेने के लिए अस्पताल के बाहर निकला था। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन ने उसे रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे अस्पताल चौकी प्रभारी ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक के भाई एकलाख ने बताया की शनिवार को मां अस्पताल में थी। मां को बताकर आलम पानी लेने गया था। मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।