तीन दिसंबर 2023 को पंजाब के जालंधर में संदिग्ध हालात में हुई थी मौत
संवद न्यूज एजेंसी
बहराइच। पंजाब के जालंधर में लोहा गलाने वाली फैक्ट्री में काम करने वाले बहराइच जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर कुड़वा निवासी राजाराम गौतम (20) की तीन दिसंबर 2023 को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका शव वहां सुंदरनगर मार्केट स्थित किराये के कमरे पर पड़ा मिला था। कमरे के बाहर कुंडी पर ताला पड़ा था। परिजनों ने उसी समय गांव लाकर शव को दफना दिया था। मां को बेटे की मौत पर शक होने पर कोर्ट में वाद दायर किया गया था। कोर्ट के आदेश पर डीएम ने एसडीएम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी दफन शव को कब्र से निकलवाकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। जिससे उसकी मौत का रहस्य पता लग सके।
देहात कोतवाली के कुड़वा गांव निवासी मृतक के पिता बेनीप्रसाद ने बताया कि उनका पुत्र वर्ष 2022 से जालंधर स्थित फैक्ट्री में काम कर रहा था। बीते साल तीन दिसंबर को उसकी मौत होने की सूचना मिली। जब वहां पहुंचे तो उसके हाथ टूटे थे और शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले थे। उसी समय वह लोग प्राइवेट एंबुलेंस से शव को लेकर घर आ रहे थे तभी पलवल के पास एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में भिड़ गई थी। जिससे कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद छह दिसंबर को उसके शव को दफन करवा दिया गया था। इस बीच मौत पर शक होने पर मृतक की मां गुमाना ने कोर्ट में शव का पोस्टमार्टम व पूरे मामले की जांच कराने का वाद दायर किया था। जिससे उसके बेटे की मौत का कारण पता चल सके। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर सोमवार को पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ दफन शव को बाहर निकालवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता ने बताया कि मृतक चार भाई और चार बहनों में तीसरे नंबर का था। देहात कोतवाल बृजेंद्र मिश्रा का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।