बहराइच। विवाहिता को पति सहित दो लोगों ने पीटकर पांच बच्चों सहित घर से निकाल दिया। तलाक देकर दूसरा निकाह कर लिया। महिला थाना में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
बौंडी थाना क्षेत्र के हजरिया कौड़हा निवासी नूरजहां ने एसपी को शिकायती पत्र सौंप कर बताया था कि उनका निकाह 12 वर्ष पहले सीतापुर के रामपुर कबरियनपुरवा छठौनी निवासी अकील से हुआ था। जिससे दो वर्षीय पुत्र व चार पुत्रियां हैं। आरोप लगाया कि आए दिन पति, छोटकन, मुतहा बमनौटी बौंडी निवासी मैसरून, आरिफ और पांचू उन्हें परेशान कर पिटाई व गाली-गलौज करते थे।
पति व छोटकन ने उनके नाम से समूह से छह माह पहले एक-एक लाख रुपये निकाल लिए। गत एक मई को पति ने पिटाई करते हुए तीन बार तलाक बोलकर बच्चों सहित घर से निकाल दिया और कैसरजहां से दूसरा निकाह कर लिया। गत 14 जून को महिला थाना में शिकायती पत्र दिया था जिसपर थानाध्यक्ष ने पति को बुलवाकर सुलह करवाने की बात कही। इसके बाद वह आठ जुलाई को महिला थाना पहुंची तो पुलिस ने कहा कि उनकी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी। एसपी के आदेश पर बौंडी थाना पुलिस ने पति सहित पांच लोगों पर मुस्लिम विवाह अधिनियम, मारपीट, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।