बहराइच। शहर के एक मदरसा का बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने निरीक्षण किया। मदरसे में गंदगी पाई गई। छात्रों की कम उपस्थिति होने तथा महिला शिक्षिका के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए छात्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संजय मिश्र ने बुधवार को सुबह 9:10 बजे मदरसा जामिया गाजिया फैजुल उलूम बख्शीपुरा का निरीक्षण किया। शिक्षिका समरीन बानो अनुपस्थित मिलीं।पंजीकृत 325 छात्रों के सापेक्ष मौके पर 42 छात्र पढ़ाई करते मिले। कक्षा एक, पांच, नौ व कक्षा 12 में छात्रों की संख्या शून्य रही। इसके अलावा मदरसे में जगह-जगह भीषण गंदगी पाई गई। इस पर उन्होंने मदरसे की तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मदरसे में तमाम कमियां पाई गई हैं। दूसरी बार निरीक्षण के दौरान भी शिक्षिका अनुपस्थित पाई गई हैं। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।