बहराइच। जिले के 11 केंद्रों पर शनिवार को दूसरे चरण के अंतिम दिन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पुलिस भर्ती परीक्षा कराई गई। केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात रही। अंतिम दिन 6847 ने परीक्षा दी जबकि 2369 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान डीएम व एसपी लगातार भ्रमण करती रहीं।
शहर के आर कन्या इंटर कॉलेज, आजाद इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक आसाम चौराहा, राजकीय पॉलीटेक्निक मोहम्मदपुर, किसान पीजी कॉलेज, महराज सिंह इंटर कॉलेज, महिला पीजी कॉलेज, तारा महिला इंटर कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज में पुलिस भर्ती परीक्षा कराई गई।
पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि अंतिम दिन 9216 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। प्रथम पाली में 3389 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, 1219 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी जबकि द्वितीय पाली में 3458 ने परीक्षा दी, 1150 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 6847 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, 2369 अनुपस्थित रहे।
रोडवेज बस के लिए भटकते रहे अभ्यर्थी
परीक्षा छूटने के एक घंटे बाद रोडवेज बस स्टेशन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच गए। एक साथ अभ्यर्थियों के पहुंच जाने के कारण जो बसें थीं, वे गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। थोड़ी देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थी दोपहर की बसों का इंतजार करते रहे। बस आने के बाद वे गंतव्य की ओर रवाना हो गए। शुक्रवार की रात बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जमीन पर लेटे नजर आए। इस दौरान उन्हें पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा।